कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के भोला निवादा गांव के सामने मवैया पुलिया के पास रविवार देर रात बाइक सवार चाचा भतीजे अनियंत्रित होकर रामगंगा नहर की माइनर में जा गिरे। हादसे में चाचा की मौत हो गई, जबकि घायल भतीजे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कानपुर नगर के साढ़ थाना क्षेत्र के चरैया निवासी घायल आकाश यादव ने बताया कि रविवार रात 10 बजे के करीब चाचा बालेंद्र यादव (45) उसकी बाइक से भतीजी ज्योति निवासी पलिया बांसखेड़ा रसूलाबाद के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बाइक वह चला रहा था। भोला निवादा गांव के सामने पहुंचे पर रामगंगा नहर से निकली मवैया माइनर की पुलिया के पास पहुंचे। यहां पर संकेतक न लगे होने से सड़क किनारे जमा सिल्ट नहीं देख सके।
बाइक सिल्ट से टकरा गई, इससे पीछे बैठे चाचा उछल कर माइनर में जा गिरे। वहीं आकाश पास में पुलिया निर्माण के जमा गिट्टी के ढेर में जा गिरा। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को जानकारी देकर दोनों को इलाज के लिए सीएचसी शिवली पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने बालेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, आकाश को कानपुर हैलट रेफर कर दिया। आकाश हेलमेट लगाए था। अनहोनी की जानकारी पर पहुंचे बालेंद्र के पिता सीताराम, मां महादेवी, पत्नी सुनीता, बेटी तन्नू, यशी, बेटा उत्कर्ष व भाई देवेंद्र बिलखते रहे। हादसे को लेकर अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड नवीपुर सुरेंद्र कौशल ने बताया कि रामगंगा नहर पर मवैया माइनर पर पुलिया निर्माण का कार्य एक नवंबर से चल रहा है। सुरक्षा के इंतजाम न होने को लेकर जानकारी की जाएगी। थानाध्यक्ष शिवली प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।