मूसानगर। मुगल मार्ग पर मुर्तजानगर मोड़ के पास के बुधवार शाम को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। ट्रक के टायर के नीचे आने से मामा- भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। इधर घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम लगा हंगामा कर दिया। पुलिस के समझाने पर करीब एक घंटे बाद परिजन ने जाम खोला है।
मूसानगर के फत्तेपुर निवासी शनि (25) पुत्र मुन्ना गुरुवार शाम 5:30 बजे के करीब बाइक से साथी कमल (25) पुत्र विजय, कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के घुघुआ निवासी चचेरे मामा राकेश (35) के साथ मुर्तजा नगर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर गए थे। बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद मुगल मार्ग पर आते ही घाटमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे शनि व राकेश उछल कर सड़क पर जा गिरे।
ट्रक का टायर ऊपर से गुजर जाने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कमल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल कमल को इलाज के लिए सीएचसी पुखरायां में भर्ती करवाया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। इधर घटना की जानकारी पर शनि के पिता मुन्ना, मां इंद्रा, छोटा भाई कृष्णा व परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजन ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मौके पर लाए जाने की मांग कर मुगल रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष कालीचरन कुशवाहा ने गुस्साए परिजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम 6:45 बजे के करीब परिजन हाईवे से हट गए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे है।
..................
चार साल से चचेरे बहनोई के यहां रह रहे थे राकेश
सड़क हादसे में शनि व राकेश की मौत की जानकारी पर राकेश के बड़े भाई रमेश भी मौके पर पहुंच गए। रमेश ने बताया कि राकेश अविवाहित थे। वह कार्यक्रमों में साफ सफाई का कार्य करने के साथ मजदूरी करते थे। चार साल से वह चचेरे बहनोई मुन्ना के घर पर फत्तेपुर में रह रहे थे। वहीं मुन्ना ने बताया कि बेटा मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाने में सहयोग करता था। जबकि पारिवारिक भतीजा कमल नगर पंचायत में संविदा सफाई कर्मी है। घटना की जानकारी पर चेयरमैन पति विनोद निषाद व सभासदों ने मौके पर पहुंच कर दोनों के परिजन को ढांढस बंधवाया।
..................
बोले जिम्मेदार
- परिजन को शांत करवाकर जाम खुलवाने के साथ ट्रक को कब्जे में लिया गया है। हादसा कर भागे चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।- कालीचरन कुशवाहा, थानाध्यक्ष मूसानगर