तीसरे चरण का चुनाव प्रचार जैसे-जैसे खात्मे की ओर वैसे ही नेता और मुखर दिख रहे हैं। गुरुवार को कानपुर देहात के बैरी सवाई में अकबरपुर रनियां प्रत्याशी प्रतिभा शुक्ला के समर्थन में जनसभा के दौरान केंद्रीय जलसंसाधन मंत्री उमा भारती ने सपा और कांग्रेस पर जमकर जुबानी तीर चलाये। उमा ने कहा कि मोदीजी ने जाल डालकर सारा पैसा एकत्र कर लिया, अब लोगों को बताना होगा कि इतना पैसा कहां से लाए, जवाब नहीं दे पाए तो यह पैसा जनता के चरणों में चढ़ाया जाएगा।
मोदी सरकार गरीब के लिए काम रही
उमा भारती ने कहा कि मोदी सरकार हर गरीब के कल्याण के लिए काम रही है। बीते दिन कैबिनेट में पास कर दिया गया कि एक रूपए में बीमा का लाभ किसानों और ग्रामीणों को मिलेगा। कहा कि हवा चलती है तो नाव डगमगाती है और लोग एक दूसरे का हाथ थाम लेते हैं। यही उप्र में हो रहा है, मोदी की लहर में अखिलेश यादव एवं राहुल गांधी ने एक दूसरे का हाथ लिया है लेकिन नाव तो डूबकर ही रहेगी क्यों कि मुलायम सिंह यादव ने नाव में छेद कर दिया है। नोटबंदी से जनता नहीं, बहन जी अधिक परेशान हैं क्यों कि मालाओं के नोट सिगढ़ी बनाने के काम आएंगे। उमा भारती ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मोदी से जलते हैं, दादा, दादी व पिता की गद्दी मोदी ने हथिया ली है। कांग्रेस में तो राजा महाराजाओं की तरह फरमान होता है कि राजकुमार ही गद्दी पर बैठेगा। उन्होने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं बोलने के लिए।
मुद्दा बना दिया
मोदीजी ने कह दिया मनमोहन सिंह रेनकोट पहनकर नहाते हैं। इसी को मुद्दा बना दिया। जब कि सच्चाई यह है कि उनके कार्यकाल में टूजी, कोयला, कामनवेल्थ सहित कई घोटाले हुए, लेकिन मनमोहन सिंह कह रहे हैं कि इसकी जानकारी नहीं। मोदीजी को सब पता है। प्रियंका को सुंदर कह दिया तो हवा बना दी गई कि लेकिन यह नहीं बताया कि गलत क्या कहा। लोग परिवार में बहन और बेटी को भी तो सुंदर है कह देते हैं। उन्होने आरोप लगाया कि हुआ अखिलेश के कार्यकाल में जवाब मोदी से मांगते हैं। जलन है कि अति पिछड़ी जाति का व्यक्ति कुर्सी पर कैसे बैठ गया। माया पर वार किया कि बसपा सुप्रीमो कह रही हैं किसा समर्थन न लेंगे न देंगे।
शायद वह भूल गई हैं
उमा ने मायावती के लिए कहा कि शायद वह भूल गई हैं कि 1993 में भाजपा से गठबंधन के लिए मुझे फोन करके वह मुख्यमंत्री बनने के लिए गिड़गिड़ाई थीं। इंसान को बड़बोले बोल नहीं बोलना चाहिए। 1991 में कल्याण सिंह को मुख्यमंत्री बनाया गया था। एक माह के अंदर प्रदेश के माफिया सुधर गए थे। विरोधी घबराए हुए हैं। यमुना एक्सप्रेस में घपला किया गया है। सरकार बनने पर हलक से रूपए निकाल लूंगी। इस दौरान पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी, पूर्व जिलाध्यक्ष मदन पांडेय, मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा, रामजी मिश्रा, अरूण पाल, अरविंद दुबे, शैलेंद्र चौहान, बृजेंद्र चौहान, गोपाल सैनी आदि रहे।
कांशीराम-मुलायम की जुगलबंदी थी गेस्टहाउस कांड
उमाभारती ने आरोप लगाते हुए कहा कि 1993 में लखनऊ में गेस्ट हाउस कांड मुलायम सिंह यादव एवं कांशीराम की जुगलबंदी का परिणाम था। उस समय भाजपा नेता ब्रम्हदत्त द्विवेदी ने मायावती को एक कमरे में बंद कर इज्जत बचाई थी। अबतक के सभी गठबंधन फेल हुए हैं। यही हश्र राहुल गांधी और अखिलेश गठबंधन का होगा। उमा भारती ने कहा कि उनका हर एक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बनेगा।
चुनाव बाद डिंपल से लूंगी जवाब
शिवली के पास हुई जनसभा में उमा ने कहा कि अखिलेश सिंह यादव की पत्नी डिंपल यादव वोट मांग रही हैं लेकिन उस समय कहां थी जब बुलंदशहर के हाइवे पर बहन और बेटियों की अस्मत लुट रही थी। उस समय एक आंसू भी नहीं आए। चुनाव बाद डिंपल से इसका जवाब लूंगी।