उन्नाव में औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी स्थित चर्म इकाई में ईटीपी (इंफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के सिल्ट स्टोरेज टैंक में मोटर की फंसी केबल निकालते समय दो श्रमिक जहरीली गैस की चपेट में आ गए। बेहोशी की हालत में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत श्रमिकों के घरवालों ने शव न दिखाने पर पोस्टमार्टम हाउस में काफी देर हंगामा भी किया।
अजगैन थानाक्षेत्र के दौलतखेड़ा निवासी अनिल कठेरिया (23) पुत्र गणेश दही चौकी स्थित किंग्स इंटरनेशनल चर्म इकाई में स्वीपर के पद पर काम करता था। गुरुवार सुबह 10:30 बजे फैक्टरी में लगे ईटीपी के सिल्ट टैंक में फंसी मोटर की केबिल निकालने के लिए वह टैंक में उतरा था। टैंक में उतरते ही अनिल बेहोश हो गया और गिर पड़ा।