26 लाख की अफीम पकड़ी, ट्रक चालक और क्लीनर गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले में कल्यानपुर थानाक्षेत्र के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा झारखंड से पंजाब भेजी जा रही अफीम की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने चालक और खलासी के तौर पर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स टीम की ओर से थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कल्यानपुर इंस्पेक्टर अनूप सिंह और लखनऊ की नारकोटिक्स टीम ने खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के बाद मंगलवार शाम हाईवे पर गुगौली नहर पुल के पास झारखंड से पंजाब जा रहे ट्रक को पकड़ा।
ट्रक को पुलिस थाने ले आई। थाने में ट्रक के चालक झारखंड प्रांत के हजारीबाग सरौली कला निवासी श्याम सुंदर यादव पुत्र मेघनचंद्र और खलासी नितीश कुमार पुत्र कन्हई भुइंया भारती निवासी सिमरातरी थाना गिघौर जिला चतरा झारखंड से पूछताछ की गई।
पुलिस की सख्ती पर ट्रक के केबिन से एक किलो अफीम बरामद हुई। ट्रक की बॉडी को दोनों तरफ से कसने वाले सपोर्ट पाइप से भी भारी तादाद में अफीम बरामद हुई। खोखले पाइप के अंदर से अफीम के पाउच भरे थे। करीब 26 किलो माल बरामद हुआ। अफीम की कीमत पंजाब में एक लाख रुपये प्रति किलो है।