फतेहपुर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार शाम पुलिस ने 42 लाख की शराब लदी डीसीएम पकड़ी है। डीसीएम से चालक समेत दो तस्कर पकड़े गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शराब की खेप गोरखपुर पहुंचाई जा रही थी। जहां से शराब बिहार ले जाई जाती। यह कार्रवाई प्रयागराज एसटीएफ के एसआई रणवेंद्र कुमार और कल्यानपुर प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह की संयुक्त टीम ने की है। प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि डीसीएम हाईवे के उन्नाव मार्ग गुनीर मोड़ पर पहुंचा था।
तभी एसटीएफ के साथ डीसीएम को पकड़ा गया। डीसीएम में तस्कर चालक रामकिशोर निवासी चांदा थाना उमरेह जिला छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश और उसका साथी राम सिंह राजपूत निवासी विष्णुपुुरी कालोनी जिला इंदौर मध्यप्रदेश थे। डीसीएम से कुल 995 पेटी शराब बरामद हुई।
पेटियों से बांबे ब्रांड व्हिस्की की 47 हजार 760 क्वार्टर मिली। एक क्वार्टर की कीमत 90 रुपये है। इस तरह से शराब 42 लाख कीमत की है। पुलिस को पूछताछ में तस्करों ने कबूला कि मध्यप्रदेश के खरगौन स्थित एक गोदाम से शराब लोड की थी। उन्हें गोरखपुर जिले के आसपास उतारनी थी। गोरखपुर पहुंचने पर मोबाइल से बताया जाता कि सप्लाई कहां देनी है। एसटीएम एसआई की तहरीर पर पुलिस ने मामले में शराब तस्करी की रिपोर्ट दर्ज की है।