लड्डू खाने से बेहोश सिपाहियों का अस्पताल में हो रहा इलाज
यूपी के हमीरपुर में हाईवे पर एक होटल में लड्डू खाने व चाय पीने के बाद यूपी-100 पुलिस के दो सिपाही बेहोश हो गए। एक सिपाही को अभी तक होश नहीं आया है।
कानपुर सागर हाईवे में हमीरपुर कोतवाली क्षेत्र में चंदौखी के पास बुधवार सुबह 6.45 बजे यूपी 100 पुलिस गाड़ी टीआरबी-1217 के दो सिपाही दुर्गा प्रसाद सैनी व लवलेश कुमार होटल में लड्डू खाने व चाय पीने के बाद बेहोश हो गए। सदर अस्पताल में एक को होश आया। दूसरा अभी भी बेहोश है। होटल मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद से कोतवाली पुलिस हैरान है। आखिर लड्डू खाने भर से सिपाही बेहोश कैसे हो गए। जहरखुरानी गैंग की ओर भी पुलिस को शक है।