फर्जी जमानत के मामले में पुलिस की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ। बिल्हौर निवासी दो लोगों ने 15 गैंगस्टर अपराधियों की जमानत ली है। अधिकतर की जमानत जमीन के फर्जी कागजातों पर कराई गई।
पुलिस ने इन दोनों शातिरों के साथ 33 और लोगों को आरोपी बनाया है। इसमें अपराधी और जमानत लेने वाले शामिल हैं। कोतवाली में दर्ज केस में इन सभी के नाम बढ़ाए गए हैं। फर्जी जमानत लेने में बिल्हौर के पिलानी गांव निवासी अमर सिंह और शैलेंद्र सिंह का नाम सामने आया है।
किसी की पता बदल तो किसी की नाम बदल जमानत ली है। जमानत में जमीन के दस्तावेज लगाए हैं। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि इन दोनों ने गैंगस्टर अभिषेक दास, मूलाराम, शफीक, राहुल वर्मा समेत अन्य बड़े बदमाशों की जमानतें कराई हैं।
सभी दस्तावेज कोर्ट से मंगवा लिए हैं। एसपी ने बताया कि 33 लोगों को और आरोपी बनाया है। जल्द ही इन सभी को भी जेल भेजा जाएगा। कोतवाली में दर्ज किए गए मामले में अब तक 13 आरोपी जेल जा चुके हैं। एसआईटी ने अब गैंगस्टर के अलावा अन्य केसों की भी जांच शुरू कर दी है। करीब दो सौ शातिर रडार पर हैं।