यूपी के हरदोई जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां दो दोस्तों के शव रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौंढ़ा के निकट लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह दो दोस्तों के शव पड़े मिले। पुलिस और परिजनों ने उनकी ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका जताई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बंजारनपुरवा निवासी सलीम (40) पुत्र जुम्मन और गोरखा उर्फ मुस्ताक (30) पुत्र फुल्लू फेरी लगाकर हींग और रंग बेचते थे। रविवार तड़के तीन बजे दोनों युवक शाहजहांपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। सुबह लगभग पांच बजे दिल्ली लखनऊ मेल के चालक ने कौढ़ा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को ट्रैक पर दो शव पड़े होने की सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ प्रभारी योगेश यादव को बताया। देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र और आरपीएफ के उपनिरीक्षक वीके मीणा मौके पर पहुंचे।