कानपुर। नागरिकता संशोधन अधिनियम, 2019 (सीएए) लागू होने के बाद कानपुर में दो पाकिस्तानी मूल की हिंदू महिलाओं रतन स्तुति अपार्टमेंट की सोनम निहलानी और शास्त्री नगर सिंधी कॉलोनी की सारिका को गृह मंत्रालय ने भारतीय नागरिकता प्रदान कर दी है। नागरिकता प्रमाणपत्र जारी होते ही दोनों परिवारों में खुशियों का माहौल है।
गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से यूपी के 11 जिलों के लिए जारी 169 लाभार्थियों की सूची में कानपुर की ये दो महिलाएं भी शामिल हैं। सारिका ने अगस्त 2024 में आवेदन किया था और घर बैठे ऑनलाइन स्वीकृति की सूचना प्राप्त हुई थी। एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि नागरिकता मिलने के बाद दोनों महिलाओं को अब भारतीय नागरिकों के सभी संवैधानिक अधिकार प्राप्त होंगे। निर्वाचन सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी। (ब्यूरो)