कानपुर देहात। स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कानपुर देहात को परास्नातक (पीजी) की 20 सीटों के लिए मंजूरी मिली है। अगले सत्र से पीजी के लिए प्रवेश लिए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सज्जन लाल वर्मा ने बताया कि दो साल से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई हो रही है। कॉलेज ने दो साल में ही पीजी प्रवेश के लिए उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय को आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएट) की 20 सीटों के लिए मंजूरी के लिए पात्रता प्राप्त हुई है। संस्थान को एनाटॉमी में दो, फिजियोलॉजी में तीन, बायोकेमिस्ट्री में तीन, पैथोलॉजी में तीन, माइक्रोबायोलॉजी में दो, कम्युनिटी मेडिसिन में तीन तथा सर्जरी में तीन सीटें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अभी तक स्नातक शिक्षा के लिए ही मान्यता प्राप्त हुई थी, उसी अवधि में पीजी सीटों की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की है। यह सफलता सतत समन्वय और अथक प्रयासों का परिणाम है। आगामी वर्ष से पीजी छात्रों के प्रवेश प्रारंभ होने के साथ ही महाविद्यालय न केवल उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा बल्कि बेहतर शोध और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के नए चरण में प्रवेश करेगा। सहायक प्रोफेसर डॉ. अराधना यादव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की इस उपलब्धि से कानपुर देहात एवं आसपास के जिलों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। वहीं पीजी की मंजूरी मिलने पर सभी स्टाफ के लोगों ने प्राचार्य को बधाई दी।