जालौन के बैंक में बम फेंककर लूट की वारदात
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में सरकार की तरफ से अपराधियों को लगातार चेतावनी दी जा रही है। लेकिन हकीकत की जमीन पर सरकार की उस चेतावनी का कोई असर होता नहीं दिख रहा है। ताजा वारदात शुक्रवार की है। यहां जालौन में दिनदहाड़े बैंक में लूट की वारदात हुई। बेखौफ बदमाशों ने बैंक में एक के बाद तीन बम फेंककर लूट की वारदात को अंजाम दिया...
जालौन के बैंक में लूट के बाद
दहशत में आकर जब सब लोग इधर-उधर दुबक गए तब लुटेरों ने बैंक में धावा बोला। बैंक में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा बैंक में अचानक तेज धमाका हुआ। सब धुंआ-धुंआ हो गया। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही लुटेरों ने बैंक लूट लिया। जिसमें कई लोग घायल हो गए। बैंक में दिनदहाड़े ऐसी घटना फिल्मों में ही देखी थी। ये सब मुश्किल से 2 मिनट में हुआ। लुटेरे बैंक से तकरीबन 3 से 4 लाख रुपये लूट कर फरार होने में कामयाब रहे।
हैरानी की बात है कि लुटेरों ने कुल दो मिनट में लूट की इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस खुद वीडियो फुटेज देखकर हैरान है कि लुटेरों ने वारदात को इतने कम समय में कैसे अंजाम दिया। लूट की इस वारदात का वीडियों ड्यूरेशन भी कुल दो ही मिनट का है। शुक्रवार सवेरे 11:04 पर लुटेरे तीन बाइकों पर सवार होकर आए और तीन गोले फेंक कर बैंक में दाखिल हुए। फिर 11.06 पर बैंक के बाहर आ गए और बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। किसी को भी अपनी आंखों पर यकीन नहीं हो रहा कि कुल दो मिनट के भीतर कैसे इतनी बड़ी लूट हो गई।
बैंक में लूट के बाद जांच करते हुए पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
जालौन के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लूट की इस वारदात को दो लुटेरों ने अंजाम दिया। जबतक कोई कुछ समझ पाता लुटेरे बैंक से रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लेकिन अभी लिटेरों का सुराग नहीं लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है दो लुटेरे बैंक में दाखिल हुए थे। इनमें से एक ने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था तो वहीं दूसरे ने हेलमेट पहना था। बाहर बाइक पर अन्य दो साथी भी थे। केवल एक ही बाइक पर नंबर प्लेट थी। इसका नंबर पुलिस वालों को बताया जा चुका है।
बताया यह भी जा रहा है बैंक भीतर तंग गली में बना है ऐेसे में फटाफट लूट की इस वारदात को इतने कम समय में अंजाम दे पाना संभव नहीं। माना जा रहा है कि लुटेरों ने बैंक के आसपास पहले रेकी की थी। वे सभी रास्तों से वाकिफ थे। बैंक से महज एक किलोमीटर दूर पुलिस कोतवाली है। रेलवे स्टेशन और पुलिस कोतवाली के बीच में बैंक स्थापित है।
लूट के बाद मीडिया को बयान देते पुलिस अफसर
- फोटो : अमर उजाला
बताया जा रहा है कि बदमाश तीन बाइकों पर सवार होकर आए थे। इन्होंने उरई के सेंट्रल बैंक गांधी महाविद्यालय शाखा को अपना निशाना बनाया। इस मामले के बाद जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस हर वाहन की चेकिंग कर रही है। माना ये भी जा रहा है कि लुटेरे कोतावली और रेलवे स्टेशन के बीच के ही हो सकते हैं। आसपास के मकानों में कैमरे नहीं लगे होने की वजह से पुलिस का काम थोड़ा मुश्किल हो गया है।
घटना के वक्त बैंक के भीतर बैंक स्टाफ के दो लोग और दो कस्टमर मौजूद थे। जिनमें लखनऊ निवासी असिटेंट मैनेजर सुहासिनी हैड कैशियर के ना आने की चलते खुद ही कैशविंड़ो का काम संभाल रही थी। इस वारदात में तीन लोगों के साथ-साथ वे भी घायल हो गई हैं। उन्होंने बताया लुटेरे बैंक में घुसकर मां-बहन की गाली दे रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
वहीं बैंक मैनेजर संजय मल्होत्रा ने बताया कि बैंक के खजाने में आठ-दस लाख कैश और रखा था जिसे बचाने के लिए हमने तुरंत खजाने को ताला मार दिया। लुटेरे कैश काउंटर से ही रकम लूट कर फरार हो गए।