कानपुर देहात। राज्य निर्वाचन आयोग ने ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी की है। जिले को भेजी गई सूची में दो लाख मतदाता संभावित डुप्लीकेट में शामिल हैं। हकीकत जांचने के लिए अब इनका सत्यापन शुरू कराया गया है।
पंचायतों के चुनाव साल 2026 में संभावित हैं। चुनाव को लेकर तैयारी शुरू हो गई हैं। प्रशासनिक तैयारियों के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। पुनरीक्षण अभियान के दौरान ही राज्य निर्वाचन आयोग ने संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। जारी सूची में ऐसे मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं, जिनके नाम अन्य ग्राम पंचायतों में दर्ज हैं। इस तरह जारी सूची के में 200257 मतदाता संभावित डुप्लीकेट बताए गए हैं।
सूची में मतदान स्थल, मतदाता क्रमांक, मतदाता का नाम, संबंधी का नाम और आयु, विकास खंड में कुल डुप्लीकेट आदि कॉलम दिए हैं। सूची में कई नाम एक से अधिक बार दर्ज हैं। सूची मिलने के बाद अब बीएलओ सत्यापन कर रहे हैं। 29 सितंबर तक सत्यापन का कार्य पूरा किया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत पांडेय ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग से मिली सूची सत्यापन के लिए बीएलओ को ग्राम पंचायतवार दी गई है। सभी बीएलओ सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
.................
618 ग्राम पंचायतों में लगे 915 बीएलओ
जिले में नगर निकाय के सीमा विस्तार व नए परसीमन के बाद अब 618 ग्राम पंचायतें है। इनमें 1221687 मतदाता हैं। राज्य निर्वाचन आयोग से जारी सूची के बाद पुनरीक्षण कार्य व सत्यापन के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने 915 बीएलओ लगाए हैं। यह घर घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस कार्य को बीएलओ 29 सितंबर तक करेंगे। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट भेंजें।
..............
इस तरह होगा सत्यापन
राज्य निर्वाचन आयोग से संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी होने के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय से ग्राम पंचायतवार सूची बनाई गई। ब्लाॅक व तहसील स्तर पर इन्हें भेजा गया है। इसी के आधार पर अब बीएलओ सत्यापन कर रहे हैं। जिसमें सूची में दर्ज नाम का मिलान कराया जाएगा। गांव के लोगों से जानकारी करेंगे। सही पाए जाने के पर आधार कार्ड के चार अंकों को सूची में दर्ज करेंगे। न मिलने वाले मतदाता के नाम के हटाए जाएंगे।
.................
ब्लॉक वार संभावित डुप्लीकेट मतदाता
ब्लॉक- मतदाता
अकबरपुर-17606
अमरौधा-16607
झींझक-19038
डेरापुर-15381
मैथा-28340
मलासा-16737
रसूलाबाद- 43157
राजपुर-13322
संदलपुर-13430
सरवनखेड़ा-16639
कुल 200257