जनपद के औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के करीब पांच बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। तेज रफ्तार पिकअप और डंपर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में जान गंवाने वाले दोनों युवक आपस में सगे भाई थे। हादसे में पिकअप चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सुबह 5 बजे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार 30 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे (कुठौंद सीमा क्षेत्र के पास) पिकअप और डंपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) की एंबुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को औरैया के 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने दो सगे भाइयों को किया मृत घोषित
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों सगे भाइयों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नसीर (26) और शरीफ (48) पुत्रगण सबीर, निवासी कोंच (जनपद जालौन) के रूप में हुई है। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।
एक गंभीर घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
हादसे में पिकअप सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान शेर सिंह पुत्र संजन सिंह (निवासी ललितपुर) के रूप में हुई है। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही औरैया सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।