उन्नाव जिले में पीली धातु को सोना बताकर ठगी करने वाले एक महिला सहित दो जालसाजों को पुलिस ने धर दबोचा। दोनों ने अजगैन निवासी युवक को झांसा देने की फिराक में थे। दोनों फिरोजाबाद जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के डेढ़ किलो पीली धातु भी बरामद की।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बक्तूखेड़ा गांव निवासी प्रशांत सिंह की नवाबगंज कस्बे में पान की दुकान है। 19 दिसंबर को उसकी दुकान पहुंचे एक युवक व महिला ने सोना बेचने की बात कही। कारण पूछने पर बताया कि उन्हें जमीन खरीदनी है इसलिए वह सोना बेचना चाहते हैं।
प्रशांत के कहने पर युवक ने सोने के दो छोटे टुकड़े दिए। कस्बे के एक सराफ से चेक कराया गया तो वह असली निकले। इस पर प्रशांत को उन पर विश्वास हो गया। उसने 5 हजार रुपये भी दे दिए। युवक ने फिर प्रशांत से जमीन खरीदने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की।
इस पर प्रशांत ने इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था तुरंत न होने की बात कहकर रविवार को देने को कहा। रविवार को झांसेबाज युवक ने प्रशांत को रुपये लेकर सदर कोतवाली के गदनखेड़ा बाईपास चौराहा के पास बुलाया। प्रशांत अपने एक साथी के साथ पांच लाख रुपये लेकर गदनखेड़ा चौराहा पहुंचा।