झींझक। कंचौसी-झींझक कैनाल रोड पर शनिवार शाम छह बजे के करीब तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो किसानों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी झींझक पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
झींझक के द्वारिकागंज निवासी हरि अग्निहोत्री (75) शनिवार शाम को बाइक से दूध लेने के लिए लौआ की मडैया गए थे। वहां से वह लौआ निवासी किसान राजू सिंह चौहान (50) को साथ लेकर झींझक लौट रहे थे। कंचौसी-झींझक कैनाल रोड पर नहर कोठी के पास पहुंचे पर उनको तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी झींझक पहुंचाया। वहां डॉ. राजीव यादव ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अनहोनी पर हरि अग्निहोत्री की पत्नी सरला, बेटी ममता, रेनू व रंजना रोने लगी। रंजना ने बताया कि तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। मां सरला गंभीर रोग से पीड़ित हैं, पिता ही उनकी देखभाल करते थे। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।