कानपुर देहात। जिले के पीएमश्री स्कूलों के छात्र अब निजी विद्यालयों के संसाधनों का प्रयोग कर सकेंगे। इसमें उच्च प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई कर रहे छात्र निजी स्कूलों की प्रयोगशाला, खेल मैदान, पुस्तकालय का उपयोग कर शिक्षा को बेहतर बना सकेंगे।
जिले में संचालित 1832 परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत 1.28 लाख से अधिक छात्रों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिल सके। इसके लिए शासन स्तर से नित नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के तहत विद्यालयों के संसाधनों का छात्रहित में बेहतर प्रयोग की कवायद शुरू की गई है।
इसमें जनपद के 18 पीएमश्री विद्यालयों के मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के साथ समन्वय की शुरुआत की जा रही है, ताकि पियर लर्निंग को बढ़ावा दिया जा सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि निर्देश से सभी खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत करा दिया गया है, जिसमें निजी स्कूलों के साथ समन्वय बनाने को कहा गया है। निजी स्कूलों के पुस्तकालय, प्रयोगशाला आदि संसाधनों का प्रयोग करने से छात्रों की शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।