एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी के दो कर्मचारी लाखों रुपये लेकर फरार हैं। उनका मोबाइल भी बंद है। संबंधित कंपनी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसमें जिले की तीन बैंकों से लगभग 57 लाख रुपये की हेराफेरी सामने आई है।
अन्य बैंकों में भी जांच जारी है। जिले में एटीएम में रुपये डालने वाली एक कंपनी से कई बैंकों का अनुबंध है। उसी कंपनी के दो कर्मचारियों पर लाखों रुपये की हेराफेरी का आरोप है। इसमें जिला मुख्यालय के सिविल लाइन स्थित दो बैंकों में एक से 36 लाख, दूसरे से 20 लाख और सीआईसी रोड स्थित एक बैंक से एक लाख पांच हजार रुपये की हेराफेरी की बात सामने आई है।
एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी के दो कर्मचारी दो दिन से गायब हैं। मामले की जांच के लिए कंपनी के अधिकारी लखनऊ से आए हैं। बैंकों के मैनेजरों ने बताया कि एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने हेराफेरी की है। इस संबंध में कोतवाल अरुण पाठक ने बताया कि सिक्योरिटी कंपनी के मैनेजर ने दो कर्मचारियों के लाखों रुपये के साथ गायब होने की सूचना दी है। जिनकी तलाश की जा रही है।