मृतक जगन्नाथ पांडेय और जावेद की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज टोल बैरियर के निकट तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में स्कूटी सवार दो युवक आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लिया है। स्कूटी चला रहा युवक हादसे के वक्त हेलमेट लगाए था। दोनों दोस्त थे।
लखनऊ के चिनहट बाजार के रामलीला मैदान के पास विधायक चौराहा निवासी जगन्नाथ पांडेय (27) पुत्र श्रीकृष्ण पांडेय नवाबगंज टोल प्लाजा के पास स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज की कैंटीन में खाना बनाने का काम करता था। शुक्रवार को उसने चिनहट निवासी दोस्त जावेद (24) पुत्र मो. सलीम को बुलाया था। जावेद अपनी स्कूटी से मेडिकल कॉलेज आया था।
रात करीब 11:30 बजे कैंटीन बंद होने के बाद दोनों लखनऊ लौट रहे थे। लखनऊ-कानपुर हाईवे के नवाबगंज टोल बैरियर के निकट विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि जगन्नाथ के भाई ने पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पिकअप को कब्जे में ले लिया है। चालक और पिकअप मालिक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।