यूपी के कानपुर महानगर में एक किशोरी ने एक डॉक्टर और दस अन्य लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती ने बताया कि वह उन्नाव जिले के एक सरकारी अस्पताल में संविदा पर फार्मेसिस्ट रही है।
किशोरी ने बताया कि उन्नाव जिले में तैनाती के दौरान आरोपी ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मिलकर उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतेें की थीं। इस मामले में उसने उन्नाव के एक थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। गवाह का नाम भी दिया था। बकौल युवती आरोपी पक्ष ने उसके गवाह के खिलाफ साजिश के तहत मारपीट और एससीएसटी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। तब मजबूरी में उसे आरोपी पक्ष से समझौता करना पड़ा।
इसके बाद उसने उन्नाव से कानपुर अपना तबादला करा लिया। युवती के मुताबिक अब आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर उसका आपत्तिजनक फोटो फेसबुक, और वीडियो यूट्यूब पर वायरल कर दिया। इसका पता चलने पर वह पिता के साथ घटना की रिपोर्ट लिखाने बर्रा थाने गई, तो पुलिस ने जांच का बहाना बनाकर टरका दिया। बृहस्पतिवार को उसके पिता एडीजी से मिले। एडीजी ने थानेदार को मामले की एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।