फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेंगू से दो की मौत, जाम लगाकर हंगामा

Fri, 27 Nov 2015 01:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
डेंगू से आईआईटी में संविदा पर डाक का काम देखने वाले सीताराम (37) और सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के कम्प्यूटर विभाग में तैनात भाष्कर जोशी (35) की मौत हो गई। प्राइवेट पैथोलॉजी की जांच में दोनों में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
विज्ञापन


उधर इलाज में डॉक्टर की लापरवाही पर भड़के सीताराम के परिजनों ने  गुरुवार सुबह आईआईटी गेट पर शव रखकर जाम लगाया। कल्याणपुर थाना पुलिस के पहुंचने के बाद करीब तीन घंटे के बाद परिजन शव को लेकर चले गए।

मूलरूप से सुल्तानपुर के निवासी सीताराम पत्नी रघुराजी, बेटा जितेंद्र (18), निर्मल (13) और गोल्डी (10) के साथ नानकारी में किराए के मकान में रहते थे। सीताराम को कई दिनों से बुखार के साथ पेट दर्द की शिकायत थी। 24 नवंबर को उन्हें आईआईटी के हेल्थ सेंटर में डॉ. प्राग चंद्रा के अंडर में भर्ती कराया गया था।
विज्ञापन


डॉ. प्राग के उपचार से फायदा न मिलने पर डॉ. आरके जैस ने उनका इलाज शुरू किया। डेंगू की आशंका जताने पर परिजन उन्हें लेकर कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित एसपीएम अस्पताल लेकर गए। बुधवार देर रात सीताराम की मौत हो गई।

सुबह दस बजे परिजन शव को लेकर आईआईटी गेट पहुंचे। परिजनों ने डॉक्टर पर कार्रवाई करने, बेटे को नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर गेट पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को किसी तरह से समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

उधर, आवास विकास कल्याणपुर निवासी सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर विभाग में तैनात भाष्कर जोशी ने गुरुवार दोपहर शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में दम तोड़ दिया। डेंगू की आशंका पर उन्हें कुछ दिन पहले रावतपुर स्थित जीटी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया था। वहां से प्राइवेट पैथोलॉजी में  जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी।

बुधवार को हालत बिगड़ने पर भाष्कर को मधुराज नर्सिंगहोम होम में भर्ती कराया गया था। उधर,जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की रिपोर्ट में डेंगू के 39 नए मरीज मिले हैं। इनमें 13 का इलाज हैलट, 13 का इलाज उर्सला और अन्य का प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है।

जूनियर डॉक्टर की हालत गंभीर
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग के डॉ. नमन कनौजिया की डेंगू से हालत गंभीर हो गई है। उनका प्लेटलेट काउंट 18 हजार से नीचे पहुंच गया है।

डॉ. नमन को हैलट में भर्ती करा दिया गया है। कुछ और जूनियर डॉक्टरों की भी हालत खराब होने की सूचना है।

परास गांव में डेंगू से हड़कंप
घाटमपुर के परास गांव में डेंगू से हड़कंप मचा हुआ है। प्राइवेट पैथोलॉजी की रिपोर्ट में गांव के कई लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। गांव के हिमांशु तिवारी (15) पुत्र मुकेश तिवारी, वासु तिवारी (14) पुत्र श्याम जी तिवारी समेत कई लोगों की प्राइवेट पैथोलॉजी में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है।

डेंगू के कारण एक युवक के कान से खून बहने लगा तो परिजन उसे लेकर प्राइवेट अस्पताल चले गए। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इलाज पर उन्हें भरोसा नहीं है। डेंगू फैलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में नहीं पहुंची है। सीएमओ डॉ. रामायण प्रसाद यादव ने कहा कि शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में भेजी जाएगी। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें