चित्रकूट जिले में शनिवार को ग्रामीण क्षेत्र में हुई बारिश के साथ बिजली गिरने से अलग-अलग क्षेत्रों में एक किसान सहित एक किशोर की मौत हो गई। तीन महिलाएं व एक किसान झुलस गए। एक भैंस सहित चार बकरियों की भी मौत हो गई।
बरगढ़ थाना अंतर्गत खोहर गांव गुर्दवान के पुरवा निवासी मनीष दुबे (22) पुत्र राजकुमार दुबे अपने खेत में मेड़ बांधन के लिए गया था। इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। खोहर गांव के इटाही भट्टी पुरवा की नेहा कोल पत्नी मुन्ना कोल व मंजू कोल पत्नी सुनील कोल व मड़हा गांव की निशा पत्नी दीपक कोल व किटहार गांव के रामनरेश मिश्र झुलस गए।
जिनको इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष रवि कुमार घटना स्थल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। इसी तरह से सरैया चौकी अंतर्गत गढचपा गांव में कालीदेवी मंदिर के पास खेल रहे लवकुश (10) पुत्र स्व राजमन यादव की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मच गया।
खेल रहे अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। लेखपाल अवधेश पटेल व चौकी इंचार्ज तपेश मिश्र मौके पर जाकर परिजनों से मिले। वहीं बरगढ़ थाना अंतर्गत खोहर पुरवा लसही निवासी किसान अवधेश कुमार व खोहर गांव के पुरवा इटाही निवासी रामनरेश मिश्र की भैस की मौत हो गई। नायब तहसीलदार घासीराम व थानाध्यक्ष बरगढ़ रवि प्रकाश ने मृतक के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
मऊ क्षेत्र के इटवा गांव के पुरवा चमरौहा महुंवा के पेड़ के नीचे खड़ी बकरियों पर बिजली गिरने से चार बकरियों की मौत हो गई। घटना की जानकारी चमरौहा पुरवा के रावेंद्र कुमार, सुरेश, राममिलन, लवकुश शिवचंद्र छंगू आदि ने उप जिलाधिकारी को दिए पत्र में दी।
बरगढ़ थाना अंतर्गत घूमन गांव में शुक्रवार देर शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। एक किसान की 26 बकरियां की भी मौत हो गई। शनिवार की शाम को मनीष कोल (22) पुत्र जगन कोल साइकिल से अपने रिश्तेदार के यहां जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।