इटावा। मौरंग लदे डंपर से वसूली करने का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने भरथना कोतवाली के दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। सिपाहियों की जांच सीओ सिटी को सौंपी है। वायरल वीडियो में 50 हजार रुपये की मांग सिपाही कर रहा था।
मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक डंपर चालक ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे से उतरने वाले मौरंग लदे डंपरों से वसूली करने का आरोप लगाया है। वीडियो में दो सिपाही नजर आ रहे हैं। एक पुलिस जीप में बैठा है, जबकि दूसरा नीचे खड़ा हुआ है। वीडियो बनाने वाला खुद को डंपर का मालिक बता रहा है साथ ही नीचे खड़े सिपाही की वर्दी पर नेम प्लेट नहीं लगी होने पर आपत्ति जताते हुए नजर आ रहा है। करीब एक मिनट का वीडियो एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के संज्ञान में आया। उन्होंने भरथना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान की रिपोर्ट पर सिपाही अजय तोमर और विपिन मलिक को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।