कानपुर देहात। यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की नामावली दो कॉलेजों ने जनरेट नहीं की। बोर्ड ने दो दिन की मोहलत दी है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होनी है। इस बार करीब 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा कार्यक्रम कुछ दिन पूर्व जारी हो चुका है।
इधर, बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की नामावली परिषद के पोर्टल पर जनरेट कर डाउनलोड करने की जिम्मेदारी प्रधानाचार्यों की है। जनपद में 331 कॉलेज हैं। इसमें से लेवामऊ के प्रांजुल हायर सेकेंडरी स्कूल व गुबार के श्रीकृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा अभ्यर्थियों की नामावली पोर्टल पर जनरेट नहीं की गई। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार दोनों विद्यालयों के करीब 20 अभ्यर्थी हैं। अब 26 अक्तूबर तक नामावली जनरेट करने की मोहलत है।
डीआईओएस बृजभूषण चौधरी ने बताया कि बोर्ड की परीक्षा के लिए कितने अभ्यर्थियों का पंजीयन है, यह पोर्टल पर नामावली जनरेट करने से साफ होता है। इसके बाद कॉलेजों को जमा शुल्क के कोषपत्र की एक प्रति और डाउनलोड नामावली कार्यालय में जमा करनी होती है। नामावली जनरेट नहीं करने वाले दो कॉलेज हैं। अब 26 अक्तूबर तक नामावली जनरेट नहीं करने वाले प्रधानाचार्यों का उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।