पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद पप्पन सिंह सेंगर, उनकी पत्नी नीरज व बेटा रितिक
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले के बीहड़ी गांव मचल की मड़ैया के पास यमुना नदी में नाव पलटने से दो बच्चों की मौत हो गई। ग्वालियर से एक परिवार लॉकडाउन में चोरी छुपे अपने घर बवाइन औरैया जा रहा था। नाव से नदी पार करते वक्त हादसा हो गया।
औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के बवाइन गांव निवासी पप्पन सिंह सेंगर (40) पुत्र जगदीश सिंह सेंगर मध्यप्रदेश के ग्वालियर में प्राइवेट बस परिचालक हैं और वहीं नालापार मोहल्ले में परिवार के साथ रहते हैं। रविवार सुबह 10 बजे पप्पन अपनी पत्नी नीरज (35), बेटे रितिक (14) व आर्यन (12) और साढ़ू प्रेमसिंह चौहान की बेटी ज्ञानू उर्फ प्रीती (10) को लेकर ग्वालियर चले।
पांचों लोग ग्वालियर से एक मोटरसाइकिल व एक स्कूटी से शेरगढ़घाट तक आए। बाइक पप्पन और स्कूटी उनकी पत्नी चलाकर लाई। शेरगढ़घाट से उन्होंने यमुना नदी पार करने के लिए नाव की। सभी नाव में बैठ गए। स्कूटी, बाइक व सामान भी नाव पर लाद लिया।
पोस्टमार्टम स्थल पर पप्पन ने बताया कि तभी सुबह करीब साढ़े 11 बजे बाइक का हैंडल नाव से नीचे की ओर झुका। नाविक ने उसे सीधा करने के लिए जैसे ही नाव की मुढ़ेर पर पांव रखा। नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। जिस जगह हादसा हुआ। वहां पानी बहुत गहरा नहीं था।