कानपुर। ऑपरेशन महाकाल के तहत सोमवार को बिधनू इलाके में जमीन से जुड़ी शिकायत पुलिस के पास पहुंची है। यहां दो सगे भाइयों ने करीब तीन बीघा जमीन पर सोसाइटी बसाने के नाम पर करीब 150 लोगों से करोड़ों रुपये ले लिए। जब पीड़ित परिवारों ने प्लॉट पर कब्जा मांगा तो दोनों भाइयों ने आपसी बंटवारे का विवाद बताकर इन्कार कर दिया। जमा पूंजी गंवाने के बाद पीड़ित परिवार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की चौखट पर मदद की गुहार लगा रहे हैं।
डीसीपी साउथ कार्यालय में करीब 20 पीड़ित पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिधनू इलाके के दो सगे भाइयों ने करीब 10 साल पहले इलाके में प्लॉटिंग कर सोसाइटी बसाने की बात कही थी। दोनों ने 30 गज से लेकर 200 गज तक के प्लॉट लाखों रुपये में बेचे। कुछ लोगों ने एक से अधिक प्लॉट भी खरीदे हैं। बेचते समय दोनों भाइयों ने कुछ समय बाद कब्जा देने की बात कही थी। करीब दो साल बीतने पर जब कब्जा देने के लिए कहा तो पहले टालमटोली की। फिर दोनों भाइयों ने आपसी बंटवारा न होने की बात कहकर जमीन को विवादित बता दिया।
परेशान लोगों ने जब रकम वापस मांगी तो दोनों ने धमकाना शुरू कर दिया। एक पीड़ित अनिल ने बताया कि ऑपरेशन महाकाल के तहत शिकायत से कब्जा मिलने की उम्मीद जगी है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि एडीसीपी को प्रकरण की जांच करने को दी है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।