पुखरायां। झांसी-कानपुर हाईवे पर डीघ गांव के पास बुधवार शाम को दो बाइकें आपस में टकरा गईं। इससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि युवती सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी देवीपुर में भर्ती करवाया। वहां से एक युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भोगनीपुर के महोदिया निवासी रजा हुसैन (25) और सतीश कुमार बाइक से झांसी-कानपुर हाईवे पर अकबरपुर की ओर जा रहे थे। जबकि दूसरी बाइक से सट्टी थाना के महकापुर निवासी बाबू सिंह, आशू रामपाल की पुत्री सहजल को बैठाकर रूरा जा रहे थे। डीघ गांव के पास दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं। इससे रजा हुसैन के हाईवे किनारे लगे सांकेतक बोर्ड से टकरा जाने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी देवीपुर पहुंचाया। वहां डॉ. विकास कुमार ने सतीश कुमार की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर रजा हुसैन की पत्नी व परिजन बिलखने लगे। बताया कि दो मासूम बच्चे हैं। चौकी प्रभारी देवीपुर धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में लिया गया है। सट्टी थाना क्षेत्र के महकापुर निवासी दोनों युवक बाइक से रूरा के अंबरपुर युवती को छोड़ने जा रहे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।