फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुकान खोलने जा रहे सराफा कारोबारियों को बदमाशों ने सरेराह लूटा, पिस्टल से किया घायल

Fri, 08 Feb 2019 01:10 AM IST
प्रभापुंज मिश्रा यूपी डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
डेमो
विज्ञापन
फतेहपुर के प्रेमनगर में बृहस्पतिवार की सुबह प्रेमनगर बाजार में दुकानें खोलने जा रहे दो सराफा कारोबारियों को बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह लूट लिया। लूट का शिकार हुए दोनों चचेरे भाई हैं। बचाव करने पर लुटेरों ने तमंचे की बट से एक का सिर फोड़ दिया।
विज्ञापन


एक के बैग में नगदी समेत दो लाख तो दूसरे के सात लाख के जेवर थे। दिनदहाड़े वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने सुल्तानपुर घोष थाना घेर लिया और जाम लगा दिया। समझाने से जाम नहीं खुला तो पुलिस ने लाठियां फटकार कर व्यापारियों को खदेड़ दिया। लुटेरों के निशाने पर आए खागा तहसील के सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के मंडवा गांव निवासी बच्चूलाल सोनी के बेटे राजन सोनी और कृष्णपाल सोनी के बेटे चेतन सोनी।

 
विज्ञापन

दोनों एक ही बाइक से प्रेमनगर बाजार में स्थित अपनी दुकानों पर जा रहे थे। राजन ने बताया कि पड़ोसी गांव भैरवा कला के पास से गुजरते समय दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने जबरन उनकी बाइक रुकवा ली। मुंह पर मफलर लपेटे एक बदमाश ने पिस्टल तान दी और दोनों के हाथों से जेवरों के बैग छीनने लगे। बचाव की कोशिश पर राजन के सिर पर पिस्टल की बट मार कर लहूलुहान कर दिया।

गोली मारने की धमकी देकर गहनों के झोले छीनकर भाग गए। सराफ भाइयों ने बाइक से पीछा करने की कोशिश की तो कुछ दूरी पर मौजूद बोलेरो से उतरे लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और पीटना शुरू कर दिया। लूट के शिकार सराफ भाइयों में से एक ने बैग में नगदी समेत दो लाख के जेवर बताए हैं तो दूसरे ने सात लाख के जेवर लूटे जाने की बात कही है। दिनदहाड़े सरेराह लूट से गुस्साए व्यापारियों ने सुल्तानपुर घोष थाने का घेराव किया।

नजदीकी सड़क भी जाम कर दी। जाम खुलवाने की कोशिश पर एएसपी पूर्वी पूजा यादव से कारोबारियों की नोकझोंक हुई। ऐसा देख पुलिस ने लाठियां पटक कर भीड़ खदेड़ी और जाम खुलवाया। एसपी राहुल राज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश में कौशांबी, रायबरेली की ओर टीमें रवाना की गई हैं। लूट के शिकार भाइयों ने उसी दिशा में बदमाशों के जाने की जानकारी दी थी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें