जिगरी दोस्त के पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर साइट पर लौट रहे दो जिगरी दोस्त हाईवे पर आगे चल रहे टायर फटने से अनियंत्रित हुए ट्राला में घुस गए। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट नहीं पहन रखा था। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कन्नौज के थाना सौरिख के ग्राम प्रताप नगर निवासी निखिल यादव (22) टाइल्स लगवाने की ठेकेदारी करता था। चकेरी थानाक्षेत्र के लालबंगला इलाके में पिछले दो वर्ष से उसकी साइट चल रही थी। यहां वह अपने कन्नौज के नगला डढुअन निवासी जिगरी दोस्त शैलेंद्र (24) के साथ रहता था। शैलेंद्र के परिजनों ने बताया कि बुधवार को उनके यहां पारिवारिक शादी थी। जहां शामिल होने के लिए वह दोनों एक ही बाइक से बुधवार शाम सात बजे कन्नौज चले गए थे। यहां समारोह में शामिल होने के बाद गुुरुवार सुबह पांच बजे निखिल अपनी स्पोर्ट्स बाइक चलाकर बिना हेलमेट के दोस्त के साथ निकला था। नेशनल हाईवे पर शिवराजपुर के धमनी निवादा गांव के पास पहुंचे ही थे, कि आगे चल रहे ट्राला का टायर फट गया। इससे वह लोग अनियंत्रित होकर सीधे पीछे से ट्राला में घुस गए। हादसे में सिर, हाथ, पैर, पीठ में गंभीर चोट आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शिवराजपुर थाना प्रभारी अमान सिंह के अनुसार हादसे के वक्त बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।