पर्यावरण मंथन संस्था की ओर से किया गया स्वेटर वितरण
तुलसी का पौधा हर घर में अवश्य लगाना चाहिए क्योंकि तुलसी आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी लाभाकारी है। तुलसी का पौधा ऑक्सीजन प्रचुर मात्रा उत्सर्जित करता है जिससे वातावरण शुद्ध होता है। यह जानकारी छात्रों को दी गई। पर्यावरण मंथन संस्था द्वारा बुधवार को पंडित शिव गोविंद मिश्र आर्य नगर इंटर कालेज कानपुर में पढ़ने वाले बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पंडित प्रेम नारायण मिश्र, प्रबंध महेंद्र कुमार शुक्ल, प्रबंध समिति कोषाध्यक्ष श्यामजी त्रिपाठी, प्रधानाचार्य डॉ. गिरीश कुमार मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के बाद दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक संगीता सिंह रहीं। कॉलेज की प्रवक्ता लक्ष्मी देवी ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पंडित शिव नारायण दीक्षित ने किया। पर्यावरण मंथन के अध्यक्ष पंडित अनिल कुमार मिश्र ने पर्यावरण के संबंध में छात्रों को बताया कि जन्मदिन के अवसर पर एक वृक्ष जरूर लगाएं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पर्यावरण संस्था के मंत्री बृजेश तिवारी, मनोज कुमार द्विवेदी, ओम प्रकाश मिश्र, बृजभूषण मिश्र, बृजेश कुमार मिश्र, बाबूलाल, विम्मी शुक्ला, छाया त्रिपाठी, प्रतिमा शर्मा, कोमल, रघुनंदन प्रसाद, गौरव आदि मौजूद रहे।