फतेहपुर जिले के खागा में डेढ़ महीने पहले दुर्घटना के मामले में कब्जे में लिया गया ट्रक मझिलगांव पुलिस चौकी से चोरी हो गया। सोमवार सुबह ट्रक नहीं दिखा तो हड़कंप मच गया। चौकी प्रभारी ने कोतवाली में ट्रक चालक व खलासी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
फजीहत से बचने को आनन फानन दो टीमें बनाकर छापामारी की जा रही हैं। 25 नवंबर 2020 को मझिलगांव चौकी क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास बिहार के एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी थी। पुलिस ने ट्रक को पकड़ कर चौकी के पीछे खड़ा करा दिया था।
पांच जनवरी को ट्रक चालक साहेब अली उर्फ साहेब खान पुत्र एजाज खान निवासी बिद्धी चक कोठी जिला गया बिहार को खागा कोर्ट से जमानत मिल गई। शनिवार रात चौकी के पीछे खड़ा ट्रक चोरी हो गया। हैरानी की बात ये रही कि ट्रक चोरी हो गया और पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी।
सोमवार सुबह ट्रक मालिक का बेटा जब चौकी पहुंचा, तो उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। चौकी परिसर के पीछे ट्रक नहीं होने से हड़कंप मच गया। इस बीच ट्रक मालिक का लड़का शौच करने के बहाने वहां से भाग निकला। मामले की जानकारी चौकी इंचार्ज अखिलेश कुमार ने कोतवाल को दी। सुबह ही सीओ खागा अंशुमान मिश्र ने कोतवाली पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
इसके बाद चौकी प्रभारी की तरफ से चालक साहेब अली व खलासी मोहम्मद जबीउल्ला खां पुत्र गुलाम मुस्तफा निवासी नीमा थाना गुरुआ जिला गया बिहार के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। कोतवाल खागा आरके सिंह ने बताया कि दो टीमें बनाकर ट्रक बरामद करने का प्रयास चल रहा है।
उठ रहे सवाल, कैसे चोरी हो गया ट्रक
चौकी परिसर से ट्रक चोरी होने की घटना ने पुलिस को हैरानी में डाल दिया है। चर्चा है कि जब चौकी में पुलिस मौजूद थी तो आखिर ट्रक कैसे चोरी हो गया। जब ट्रक को स्टार्ट किया गया होगा, तो उसका शोर पुलिस के कानों तक गया होगा। अब दो बातें हैं, पहली या तो चोरी के समय चौकी पर कोई था नहीं या फिर पुलिस की मिलीभगत से ट्रक चोरी हो गया।