सिकंदरा में अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर पर चढ़ा कंटेनर। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर। कानपुर देहात के सिकंदरा में जीएसटी विभाग की सचल दल इकाई की चेकिंग से बचने के लिए भाग रहे ट्रक चालक ने सिपाही को चपेट में ले लिया।
सिपाही को टक्कर मारने के बाद ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। सचल दल के असिस्टेंट कमिश्नर ने सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में पता चला कि सिपाही का कूल्हा और पैर टूट गया है।
विशेष अभियान के तहत सचल दल टीम सिकंदरा में हाईवे पर जांच कर रही थी। दिल्ली की तरफ से आ रहे ट्रक को रोकने के लिए टीम ने इशारा किया तो ड्राइवर ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी।
अनियंत्रित ट्रक सिपाही रामकिशोर पांडेय (54) को टक्कर मारते हुए डिवाइडर में घुस गया। जांच अधिकारी ने सिपाही को कुलवंती हास्पिटल में भर्ती कराया। जांच के दौरान सिपाही का कूल्हा और पैर टूटा मिला।
वहीं घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।