मंडी समिति परिसर में स्ट्रांग रूम के पीछे खड़े ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के कई जिलों में ईवीएम को लेकर मचे हंगामे के बीच मंगलवार की रात बांदा जिले में मंडी समिति परिसर में स्थित स्ट्रांग रूम के पास जमकर हंगामा हुआ। स्ट्रांग रूम के ठीक पीछे दीवार से सटाकर कई ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़े देख सपा, बसपा और कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में पुलिस और अधिकारियों के पहुंचने तथा ट्रकों के तत्काल वहां से हटाने के बाद मामला देर रात शांत हुआ।
मंडी समिति में बांदा, बबेरू, नरैनी और तिंदवारी विधान सभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम हैं। यहां मतदान के बाद से ईवीएम रखी हुई हैं। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। खनिज अधिकारी द्वारा 16 मई को पकड़े गए बालू के ओवरलोड ट्रक मंडी समिति परिसर के अंदर तिंदवारी विधान सभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम की पिछली दीवार से सटाकर खड़े कर दिए गए। करीब डेढ़ दर्जन ट्रकों के कतारबद्ध खड़े कर दिए जाने से स्ट्रांग रूम की दीवार आड़ में हो गई। यह सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ था।