जलकर राख हुआ लाखों रुपये कीमत का तेंदू पत्ता
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट जिले में तेंदू पत्ता (हरा सोना) के तोड़ान के बाद उसे लेकर जा रहे ट्रक पर बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा। स्पार्किंग से बोरों में आग लग गई। आग लगे बोरों को लेकर ट्रक चालक आगे बढ़ता गया। यह देख अफरा तफरी मच गई।
शनिवार देर शाम खंडेहा स्थित वन निगम से लगभग तीन सौ बोरे तेंदू के पत्ते लेकर ट्रक मानिकपुर स्थित गोदाम में जमा करने जा रहा था। कस्बे में पहुंचे ट्रक में बोरे ज्यादा ऊंचाई तक लदे होने के कारण विद्युत तार टूटकर गिर पड़ा। स्पार्किंग होने से बोरों में आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्त के मैदान पर ले गया।
इसके बाद बोरों को नीचे उतरवाकर ट्रक को आगे बढ़वाया। जिससे ट्रक तो बच गया लेकिन लगभग 300 बोरे तेंदू पत्ता धूधूकर जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रक चालक की होशियारी से सिर्फ पत्ते ही जले हैं अन्यथा आग पूरे ट्रक में पकड़ती तो ज्यादा नुकसान होता।