यूपी के कानपुर में सजेती घाटमपुर बरीपाल रेलवे क्रासिंग खुलने के बाद तेजी से निकलने के चक्कर में एक ट्रक ने तीन बाइकों को चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक सिपाही समेत तीन की मौत हो गई। तीनों अपनी-अपनी बाइकों से जा रहे थे।
विज्ञापन
मंगलवार दोपहर दो बजे के आसपास कानपुर-बांदा रेल लाइन पर पड़ने वाली बरीपाल (हमीरपुर रोड) रेलवे क्रासिंग बंद थी। ट्रेन के निकलने के बाद जैसे ही फाटक खोला गया तो एक चालक ने तेजी से निकलने के चक्कर में ट्रक को बढ़ाया। इससे अनियंत्रित हुए ट्रक ने तीन बाइकों को चपेट में ले लिया। एक बाइक में सवार ग्राम बंथरा, थाना जहानाबाद (फतेहपुर) निवासी सिपाही राजकुमार (52), दूसरी बाइक में सवार ग्राम गोहरारी थाना चांदपुर (फतेहपुर) निवासी अविनाश उर्फ छोटू (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
राजकुमार चरखारी थाने में तैनात थे। वहीं, अविनाश अपने घर लौट रहा था। वहीं, ट्रक की चपेट में आई तीसरी बाइक पर सवार दो सगे भाइयों पवन दीक्षित (18) और रमन दीक्षित (16) निवासी धाम बांध (सजेती) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हमीरपुर से रसोई गैस सिलेंडर लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। सजेती एसओ लोकेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हालत गंभीर होने पर पवन व रमन को जिला अस्पताल हमीरपुर से कानपुर रेफर किया गया। पवन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।