घटना के बाद मौके पर रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिल्हौर में लखनऊ-इटावा राजमार्ग से नानामऊ तट पर गंगा स्नान को जा रहे एक बाइक सवार दंपति को ददिखा गांव के सामने ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। घटना रविवार की भोर में हुई। दुर्घटना करने वाले ट्रक चालक का पता नहीं चल सका।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी की शादी करने के बाद दंपति गंगा नहाने जा रहे थे। बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए थे। इंसपेक्टर ज्ञान सिंह ने बतायाकि ककवन निवासी विनोद कुमार और उनकी पत्नी उमा देवी (40) ने अपनी पुत्री सरिता का विवाह एक दिसंबर को गुरसहागंज जिला कन्नौज में किया था।
संस्कार के मुताबिक रविवार की भोर विनोद अपनी पत्नी उमा को बाइक से नानामऊ गंगा तट पर स्नान के लिए जा रहे थे। अभी विनोद ददिखा गांव पर ही पहुंचे थे तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। विनोद बाइक समेत सड़क पर घिसटते काफी दूर जा गिरे, जबकि पत्नी उमा ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं और मौके पर मौत हो गई। विनोद के चीखने चिल्लाने पर राह गुजर रहे लोगों ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
किसान विनोद और पत्नी ने रविवार को पंडित जी को घर में पुत्री के विवाह के बाद दामाद, पुत्री को बुलाकर कथा का आयोजन किया था। मृतका उमा के पुत्र शीपू ने बताया कि मम्मी-पापा से पंडित जी ने गंगा स्नान के बाद कथा कराने को कहा था, और गंगा स्नान कर सूचना देने को कहा था, लेकिन गंगा स्नान के पहले ही दुर्घटना हो गई। मां की मौत की सूचना पर नवविवाहिता पुत्री सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ककवन के वांशिदों में दिनभर यही चर्चा रही कि कथा की जगह उमा की चिंता ने शादी की खुशियों को गम में बदल दिया।