उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ जा रहा सेब लदा ट्रक डिवाइडर से टकरा 50 फीट गहरी खंती में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक व क्लीनर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली के पहाड़गंज निवासी शब्बीर (40) ट्रक चालक है। शनिवार रात वह घर के पड़ोस में रहने वाले क्लीनर नियाज (38) के साथ ट्रक में सेब लादकर दिल्ली से लखनऊ को निकला। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रीतमपुरवा के पास अचानक चालक को झपकी आने से ट्रक बेकाबू हो डिवाइडर से टकरा बैरीकेडिंग तोड़ते हुए गहरी खंती में जा गिरा।
सेब बोरों से बाहर निकलकर सड़क बिखर गए। हादसे में चालक शब्बीर और नियाज घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस व पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को उपचार मुहैया करा सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों की हालत सामान्य है।