कानपुर। 15 अक्तूबर से शुरू हो रही देश की सबसे बड़े घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के लिए प्रदेश की टीम का ट्रायल मंगलवार से कमला क्लब में शुरू हो गए। पहले राउंड में कानपुर, कन्नौज, हमीरपुर, बांदा, फर्रुखाबाद, प्रयागराज, लखनऊ समेत कई जिलों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चयनकर्ता पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार के नेतृत्व में सीनियर चयन समिति के आशीष विस्टन जैदी, शिवाकांत बाजपेई, आरिफ आलम, खिलाड़ियों की प्रतिभा का आकलन करेंगे। दूसरे दिन बुधवार को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा समेत अन्य जिलों के खिलाड़ियों का ट्रायल होगा। इसके बाद चयनकर्ता खिलाड़ियों के नाम शार्टलिस्ट करके टीम बनाएंगे।
वर्ष 2006 में यूपी ने जीता था खिताब
यूपी की रणजी टीम का प्रदर्शन कई सालों से खराब चल रहा है। पिछले सत्र में टीम कोच सुनील जोशी की देखरेख में भी बेहतर नहीं कर पाई और लीग मैच के बाद बाहर हो गई थी। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में प्रदेश की टीम वर्ष 2006 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में ही एकमात्र खिताब जीत सकी है।