कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को नई रफ्तार देने वाली मेट्रो का विस्तार अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। 19 जनवरी के बाद भूमिगत सेंट्रल मेट्रो स्टेशन से नौबस्ता एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन तक ट्रायल रन शुरू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने इस पूरे सेक्शन पर सिविल निर्माण कार्य पूरा कर लिया है जिससे मेट्रो संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। अफसरों के अनुसार, मार्च में नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू की जा सकती है।
मेट्रो स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवलिंग, एंट्री-एग्जिट गेट, लिफ्ट, एस्केलेटर लग गए हैं और अब आर्किटेक्चरल फिनिशिंग, फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़े कार्य अंतिम चरण में हैं। इसके साथ ही पूरे रूट पर ट्रैक बिछाने, सिग्नलिंग सिस्टम और थर्ड रेल लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। तकनीकी परीक्षण पूरे होते ही ट्रायल रन शुरू कर दिया जाएगा।
पूरे सेक्शन पर मेट्रो संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रमाणन प्राप्त करने के उद्देश्य से यूपीएमआरसी ने मेट्रो के मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) को पत्र भेज दिया है। सीएमआरएस के निरीक्षण, स्पीड ट्रायल और सेफ्टी जांच पूरी होने के बाद इस रूट पर यात्री सेवा शुरू करने की अनुमति मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, सभी मानकों पर खरा उतरने के लिए हर स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कॉरिडोर-वन में आईआईटी एलिवेटेड स्टेशन से कानपुर सेंट्रल भूमिगत स्टेशन तक 16 किलोमीटर रूट में मेट्रो ट्रेनें पहले से सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। इस कॉरिडोर पर मेट्रो ने शहर के प्रमुख शैक्षणिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़कर यातायात को काफी हद तक सुगम बना दिया है।
चार वर्षों से लगातार संचालित हो रही मेट्रो ने यात्रियों का भरोसा जीता है। इसी वर्ष एक जनवरी को मेट्रो ने एक करोड़ यात्रियों के सफर का आंकड़ा पार कर कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि शहरवासी मेट्रो को सुरक्षित, सुविधाजनक और समय बचाने वाला परिवहन माध्यम मान रहे हैं। नौबस्ता तक मेट्रो का ट्रायल शुरू होने से दक्षिणी कानपुर के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र के लोगों को जाम से राहत, कम समय में आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल सफल रहने और सीएमआरएस से अनुमति मिलते ही इस सेक्शन पर यात्री सेवा शुरू की जाएंगी।
कोट
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक सिविल कार्य पूरा हो गया है। झकरकटी भूमिगत मेट्रो स्टेशन से ट्रांसपोर्टनगर भूमिगत स्टेशन तक ट्रैक, थर्ड रेल, सिग्निलिंग कार्य तेजी से हो रहा है। शेष रूट में ये कार्य भी पूरे हो गए हैं। फिनिशिंग चल रही है। 20 से 30 जनवरी के बीच किसी भी दिन सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो ट्रेन का ट्रायल शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके परीक्षण के लिए मार्च में मेट्रो के मुख्य संरक्षा आयुक्त के आने की संभावना है। उनकी हरी झंडी मिलते ही लोकार्पण कराकर आईआईटी से नौबस्ता तक 23 किलोमीटर लंबे रूट में यात्री मेट्रो में सफर कर सकेंगे।
-पंचानन मिश्रा, संयुक्त महाप्रबंधक, यूपीएमआरसी