कानपुर। सोमवार को आंधी आने से दिन का अधिकतम तापमान सामान्य औसत 39.1 डिग्री से 4.5 डिग्री कम हो गया। साढ़-पाल्हेपुर मार्ग पर सचौली गांव के पास आंधी से बबूल का पेड़ टूटकर गिरने से बाइक सवार युवक की माैत हो गई।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से सोमवार को बादल छाए रहे। इससे धूप की तेजी तो कम रही लेकिन माहौल उमस वाला हो गया। बादलों की वजह से रात का तापमान सामान्य औसत 23.6 डिग्री से 1.8 डिग्री अधिक हो गया। सीएसए के मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी तेज हवाएं चलेंगी। गरज-चमक के साथ बादल आएंगे और स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव निवासी अजय उर्फ मंतेश उर्फ नंदू कुशवाहा (27) सोमवार को दोपहर पत्नी रीना को घाटमपुर के रहमपुर (जहांगीराबाद) मायके छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। साढ़-पाल्हेपुर मार्ग पर सचौली गांव के पास आंधी से बबलू का पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। अजय बाइक समेत पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को भीतरगांव सीएचसी भेजा, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी रीना और परिजन सीएचसी पहुंचे। पत्नी का रो-रोकर हाल बेहाल था। अजय का 21 मार्च को विवाह हुआ था। कार्यवाहक थाना प्रभारी साढ़ आशीष मिश्रा ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसी तरह, किदवईनगर में पेड़ की डाल कार में गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, सीएसए की मौसम वेधशाला में सोमवार को सुबह की नमी 60 प्रतिशत और दोपहर 49 प्रतिशत रिकाॅर्ड की गई। शाम को तेज हवाएं चलीं। इसके साथ ही बादल घने हो गए। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शाम को हवाओं की गति 38-39 किमी प्रति घंटा रही। बंगाल की खाड़ी, अरब सागर और हिमालयी क्षेत्र से हवाएं आ रही हैं। लेकिन कानपुर परिक्षेत्र में बारिश के आसार नहीं हैं। वातावरण में प्रदूषण की पर्त रहने से घने बादल नहीं बन पाते। अगर अलग-अलग दिशा से आ रही हवाएं मिल गईं तो मौसम में बदलाव आएगा।