रूरा में कटे जामुन के पेड़ों के ठूंठ की नापजोख करते वनकर्मी।
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। वन विभाग ने कस्बे के झींझक रोड स्थित एक बगीचे में बिना इजाजत तीन जामुन के पेड़ काटने पर बगीचा मालिक के खिलाफ विभागीय रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
कस्बे के झींझक रोड पर कोल्ड स्टोरेज के समीप कई वर्ष पुराना बगीचा है। इसमें आम, जामुन, आंवला, कटहल के कुल 95 पेड़ हैं। मुख्य मार्ग के किनारे की बेशकीमती जमीन होने के कारण यहां प्लाटिंग चल रही है। इसमें हरे फलदार पेड़ बाधक बन रहे हैं। बुधवार की शाम को वन विभाग की अनुमति के बिना तीन जामुन के पेड़ों को काट दिया गया और उनकी लकड़ी रातों रात वहां से हटा दी गई, लेकिन पेड़ के ठूंठ बने रहे। गुरुवार को जानकारी पर पहुंचे फॉरेस्ट रेंजर सुदामा लाल, डिप्टी रेंजर अमित कटियार, वन दरोगा मनीष राठौर व मोहित श्रीवास्तव ने मौके पर जांच कर कटे जामुन के पेड़ों के तीन ठूंठ देखे। वन कर्मियों ने नापजोख कर कार्रवाई की। वन रेंजर सुदामा लाल ने बताया कि बगीचे में मौजूदा समय में 92 पेड़ हैं। जबकि 95 पेड़ दर्ज हैं। पेड़ काटने वाले सुरेश, आलोक व राघवेंद्र पर विभागीय रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।