डीएम के छापे की खबर सुन दीवार फांद कर भागे दलाल
- फोटो : amar ujala
कानपुर आरटीओ ऑफिस में दलालों के मकड़जाल की सूचना पाकर गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने औचक छापा मारा लेकिन उनके आने की खबर पहले ही हो चुकी थी, जिससे आधी से ज्यादा भीड़ खत्म हो गई।
आरटीओ ऑफिस के पीछे से निकल रही रेल लाइन वाली दीवार फांदकर दलाल भाग निकले। जिलाधिकारी ने सभी गेट बंद कराकर हर काउंटर पर जाकर मौजूद लोगों से उनके आईकार्ड मांगे, आरटीओ ऑफिस आने की वजह पूछी। किसी ने रुपये लेने की बात नहीं की। डीएम ने दो लोगों को काकादेव थाने भेजा।
इसमें एक प्राइवेट कर्मचारी था, एक दलाल था। दोनों को छुड़ाने डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर रहे डीके त्रिपाठी के ऑफिस का चपरासी पप्पू और परमिट के बाबू पुष्पेंद्र के साथ दो-चार लोग थे। बताया गया कि प्राइवेट कर्मचारी दलाल नहीं हैं। कारीगर गोविंद और सुनील दीवार फांदकर भागे। डीएम ने एआरटीओ से कहा जो लोग भागे हैं, उन्हें चिन्हित कर एफआईआर कराएं।
दो लोग पकड़े गए थे, जिनमें एक प्राइवेट कर्मी था। भागने वाले लोगों की शक्लें वीडियो में देखकर रिपोर्ट बनाई है और डीएम को भेजी है।
सुधीर वर्मा, एआरटीओ प्रशासन