फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: घंटों लाइन में लगने के बाद मिल सका इलाज

Sat, 07 Mar 2026 01:39 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। होली की छुट्टी के बाद शुक्रवार को पांचवें दिन मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक की ओपीडी हुई। फुल ओपीडी होने पर सोमवार सुबह नौ बजते ही पंजीकरण काउंटर फुल नजर आया। यहां मरीजों के पर्चे बनाने के लिए तीन काउंटर थे इसके बाद भी लोगों की भीड़ कम नहीं हुई। पंजीकरण कक्ष के बाहर से लेकर मेन गेट तक भीड़ रही। कई मरीज व उनके तीमारदार थक हारकर मेन गेट पर बैठ गए। मरीज व तीमारदार पर्चा बनवाने के लिए भटकते नजर आए। हालांकि यहां लगे सुरक्षा कर्मी मदद करते दिखे।
विज्ञापन


भीड़ होने पर एक मरीज को पर्चा बनवाने में 20 मिनट से 40 मिनट तक का समय लगा। कई मरीज तो काउंटर पर आभा आईडी ऑनलाइन पर्चा बनवाते भी नजर आए। यहां से बढ़कर ओपीडी पहुंचने पर सबसे ज्यादा भीड़ मेडिसिन, चर्मरोग, ईएनटी, नेत्र रोग विभाग में दिखी। यहां भी मरीज डॉक्टर को दिखाने के लिए इंतजार करते नजर आए। दोपहर 12 बजे तक ओपीडी खचाखच भरी रही। घंटों इंतजार के बाद मरीज डॉक्टर से परामर्श ले सके। यहां से मरीज दवा लेने पहुंचे तो यहां भी वितरण कक्ष में जगह कम होने पर मरीजों को बाहर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा।
कई मरीज मेडिकल कॉलेज में जगह न मिलने पर नाराजगी जता व्यवस्था को कोसते नजर आए। हालांकि मरीजों व तीमारदारों की परेशानी देख कुछ सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अलग से दवा दिलवा राहत दिलाने का काम किया। शुक्रवार सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक हुई ओपीडी में 1491 नए मरीजों ने पर्चे बनवाए। 400 के करीब लोगों ने खून, पेशाब व अन्य जांचें कराईं। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन कक्ष में भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ मेडिसिन विभाग में रही। यहां होली का पकवान खाने से हाजमा बिगड़ने, पेट में दर्द, उल्टी व पानी में भीगने से बुखार, खांसी के मरीज रहे।
विज्ञापन

.........................
मरीजों ने बयां की परेशानी....
पेट में कई दिन से दर्द हो रहा था। इलाज के लिए सुबह 10 बजे अस्पताल आ गए थे। किसी तरह धक्का-मुक्की के बीच पर्चा बना। एक घंटे बाद ओपीडी में डॉक्टर को दिखा सके। 11:30 बजे डॉक्टर ने देखने के बाद अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। अल्ट्रासाउंड कक्ष में आने पर 12 बजे के बाद उसका पर्चा जमा हुआ। इस तरह उसे दो घंटे परेशान होने के बाद परामर्श व जांच हो सकी। - रामप्रकाश, बन्नापुर
..............
ओपीडी में सुबह 10 बजे दिखाने के बाद डॉक्टर ने पेट में दर्द होने पर दवा लिखी। साथ ही जांच व अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। एक घंटे तक अल्ट्रासाउंड में पर्चा जमा करने के लिए लगे रहे। दोपहर 12 बजे उसे बताया गया कि शनिवार सुबह जल्दी आकर जांच कराएं। काफी इंतजार के बाद भी जांच नहीं हो सकी। - रामपाल, जरैलापुर
............
होली के बाद ओपीडी खुली थी, इसलिए ओपीडी में भीड़ थी। सुबह नौ बजे आकर लाइन में लगे। करीब पौने 10 बजे पर्चा बन सका। इसके बाद 40 मिनट डॉक्टर को दिखाने में लग गए। सबसे ज्यादा परेशानी दवा लेने में हुई। भीड़ अधिक होने के लिए पहले बाहर खड़े रहे। किसी तरह अंदर जाकर लाइन में लगे तब आधे घंटे बाद दवा मिल सकी। - जितेंद्र कुमार, अकबरपुर
..................
अस्पताल में सुबह आठ बजे से दो बजे तक ओपीडी है। इसके बाद भी मनमानी रहती है। सुबह 11 बजे आकर डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने जांच व अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। दोपहर 12 बजे के करीब अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे तो यहां पर्चा नहीं जमा किया जा रहा था। काफी आरजू मिन्नत करने पर पर्चा जमा हुआ। दोपहर एक बजे तक नंबर नहीं आया। - अजमेर सिंह, रनियां
..............
होली में खेला रंग, खुजली व जलन के बढ़े मरीज
होली में रासायनिक रंगों का लोगों ने खूब इस्तेमाल किया। इसके बाद त्वचा संबंधी समस्याएं हुई। शुक्रवार को चर्म रोग विभाग में रंग की वजह से लाल दाने, खुजली, आंखों में जलन की समस्या लेकर कई मरीज पहुंचे। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून सचान ने बताया कि मिलावटी व केमिकल युक्त रंग का इस्तेमाल करने पर लोगों दाने निकलने व जलन व खुजली की समस्या हुई है। डॉक्टर ने शरीर पर तेल व लोशन लगाने व बिना रगड़े रंग साफ करने की सलाह दी। इसी तरह ईएनटी विभाग में मरीज अधिक रहे। कई मरीज कान में रंग चले जाने पर कम सुनाई देने की समस्या लेकर पहुंचे।
................
जांच रिपोर्ट आने का दोपहर तक करते रहे इंतजार
ओपीडी में शुक्रवार को 1491 नए मरीजों ने पर्चे बनवाए। इसके अलावा काफी संख्या में फॉलोअप वाले मरीज रहे। ओपीडी में डॉक्टरों ने बुखार, खांसी, शरीर में कमजोरी व फंगल इंफेक्शन वाले मरीजों को खून की जांचें लिखीं। इस पर पैथोलॉजी में भीड़ नजर आई। कई मरीजों के तीमारदार जांच रिपोर्ट लेने के लिए पैथोलॉजी के बाहर इंतजार करते दिखे। वहीं उनके मरीज ओपीडी में बैठे दिखाई दिए। अकबरपुर की सावित्री, रनियां के केशव, मलिकपुर के रामसिंह, रूरा शिवम ने बताया कि दोपहर के एक बज रहे हैं, अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली। वह जांच रिपोर्ट आने व इसके बाद डॉक्टर को दिखाने के लिए बैठे हैं।
....................
वर्जन
होली की छुट्टी के बाद ओपीडी खुलने पर मरीजों की भीड़ रही। पंजीकरण में किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तीन काउंटर बनवाए गए थे। जब तक मरीज आते रहे सभी के पर्चे बनाने के निर्देश थे। इसी तरह ओपीडी में जब तक मरीज पहुंचे सभी को देखने व जांच कराई गई। किसी भी तरह की किसी ने कोई शिकायत व परेशानी नहीं बताई है। - डॉ. हरप्रीत सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज अकबरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें