कानपुर। उत्तर प्रदेश गिट्टी, मौरंग ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को संतनगर चौराहा स्थित कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दीप अवस्थी की अगुवाई में हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मौरंग खदानों, गिट्टी थ्रेसर से ही ओवर लोड का खेल चल रहा है। इसे रोकने के लिए जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की जाए।
इसके लिए जल्द मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल मिलेगा। इसमें दक्षिण भारत की तर्ज पर परिवहन नीति प्रदेश में लागू करने की मांग रखी जाएगी। ओवरलोडिंग की समस्या पर डीएम से भी मुलाकात की गई। वहीं बैठक में प्रदेश संगठन के चुनाव 25 नवंबर को कानपुर में कराने की बात तय हुई।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव के लिए संतोष मिश्रा को प्रदेश चुनाव संयोजक, वीरेंद्र त्रिवेदी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। संजय गुप्ता, परमजीत सलूजा, आशीष महेश्वरी को प्रदेश सदस्यता प्रभारी और आशीष गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह चौहान, गणेश यादव को चुनाव का सह संयोजक बनाया गया है।
जिलास्तरीय चुनाव अक्तूबर में होंगे। इस मौके पर उदय वाजपेयी, अनूपसिंह, जयराम सिंह, मनमीत सिंह, रामाशीष यादव, रमेश पांडेय, शिव कुमार, उमेश द्विवेदी, शाहिद हुसैन आदि मौजूद रहे।