फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: उमस भरी गर्मी में दगा दे रहे ट्रांसफार्मर, पानी डालकर करना पड़ रहा ठंडा

Thu, 18 Jun 2026 01:20 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। उमस भरी गर्मी में जिला मुख्यालय के नगर अकबरपुर में बिजली कटौती लोगों को रुला रही है। पहले लोग थोड़ी-थोड़ी देर में होने वाली ट्रिपिंग से परेशान थे। अब ट्रांसफार्मर ओवरहीट होने से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ रही। पानी डाल ट्रांसफार्मर को ठंडा करना पड़ रहा। नेहरूनगर में कुछ दिन पहले रखा गया नया 250 केवी ट्रांसफार्मर फुंक गया। वहीं बुधवार को जनपद के इकलौता 630 केवी ट्रांसफार्मर की एमसीबी फुंक गई।
विज्ञापन

अकबरपुर उपकेंद्र से तीन फीडरों से करीब छह हजार कनेक्शन हैं। तहसील, सीएचसी, थाना, पोस्टमार्टम हाउस, एआरटीओ आदि सरकारी कार्यालयों की बिजली यहीं से जुड़ी है। तकरीबन 40 हजार की आबादी बिजली कटौती से परेशान है। उमस भरी गर्मी में लोड बढ़ने पर केबल लाइनों में आग लग रही है जबकि ट्रांसफार्मर भी दगा दे रहे हैं। बुधवार को लोड की अधिकता से हाईवे ओवर ब्रिज के पास नेहरू नगर में रखा ट्रांसफार्मर गर्म होने से धुआं निकलने लगे। दोपहर में बिजली आपूर्ति बंद की गई। बिजली कर्मी पहुंचे और पानी की बौछार कर ट्रांसफार्मर को ठंडा किया। इसके बाद लाइन जोड़ी जा सकी। जबकि माती फीडर पर जिला अस्पताल के पास दोपहर में एरियल बंच कंडक्टर केबल जल गई। केबल बदल कर करीब दो घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
वहीं, नेहरू नगर में एक सप्ताह पहले लगाया गया नया 250 केवी ट्रांसफार्मर में लगी एमसीबी फुंक गई। ट्राॅली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारू की गई है। फुंका ट्रांसफार्मर गारंटी अवधि में है इस पर कंपनी को लिखापढ़ी की गई है। पॉवर हाउस गली में रखे जिले के इकलौते 630 केवी ट्रांसफार्मर की एमसीबी फुंक गई। बिजली कर्मियों ने पतले फ्यूज बांधकर किसी तरह से आपूर्ति बहाल कराई। इधर रात में भी बिजली की आंख-मिचौली जारी है। इससे लोगों की नींद में खलल पड़ रहा है।
विज्ञापन

नगर के बबलू, सुशील, राजेश कुमार आदि ने बताया कि फेज उड़ने की समस्या आम हो गई है। बाढ़ापुर व माती फीडर की वीसीबी(वैक्युम सर्किट) ब्रेकर छह दिन पहले फुंक चुके हैं। इधर मंगलवार शाम को इनकमिंग वीसीबी नंबर एक में धमाका हो चुका है। एसडीओ विद्युत रविप्रताप सिंह ने बताया कि गर्मी में बिजली मांग बढ़ने से लोड है। फाल्ट जल्द से जल्द दुरुस्त कराने की प्राथमिकता रहती है। खराब ट्रांसफार्मर व उपकरण ठीक कराए जा रहे हैं।

..........
केबल जलने से दो घंटे बाधित रही डेरापुर की आपूर्ति

डेरापुर। नगर में ब्लॉक गेट के सामने बुधवार दोपहर में एरियल बंच कंडक्टर केबल में आग लग गई। लपटें व धुआं निकलने पर राहगीर खतरा भांप इधर उधर हो गए। ब्लॉक के गेट के सामने लगे पोल पर एबीसी केबल लगे हैं। केबिल में आग लगने पर कुछ देर यातायात भी ठहर गया। उपकेंद्र में सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। कुछ देर बाद बिजली कर्मी पहुंचे और जले हिस्से को हटाकर नई केबल लगाई। करीब दो घंटे नगर की बिजली आपूर्ति बंद रही। परेशानी का सामना करना पड़ा। जेई विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण लाइन पर लोड बढ़ा है। ओवरलोड होने से केबल गर्म होकर जल गई। क्षतिग्रस्त केबिल को बदल दिया है। (संवाद)
....................
नौ घंटे गुल रही मैथा उपकेंद्र की बिजली

शिवली। मेन लाइन के करीब पेड़ों की डालियां आने से फॉल्ट हो रहे थे। बुधवार को शट डाउन लेकर पेड़ों की डालियों की छंटाई कराई गई। सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। उपकेंद्र से जुड़े करीब 25 से अधिक गांवों की बिजली गुल रही। करीब छह हजार से अधिक घरों में उपकरण ठप रहे। लोगों को पेयजल किल्लत हुई। पंखे-कूलर ठप रहने से गर्मी से लोग बेहाल रहे। जेई पुनीत शर्मा ने बताया कि 132 केवी ग्रिड उपकेंद्र जैनपुर से मैथा उपकेंद्र जुड़ा है। पेड़ों की शाखाओं की कटाई छंटाई के लिए यह लाइन बंद रही। शट डाउन की जानकारी पहले ही उपभोक्ताओं को दी गई थी। (संवाद)
.........................
ट्रांसफार्मर फुंकने से तीन सौ घरों की बत्ती गुल
राजपुर। नगर पंचायत के मुखर्जी नगर व सिकंदरा के राजेंद्र नगर में लगे ट्रांसफार्मर मंगलवार को फुंक गए। भीषण गर्मी में 300 घरों के लोगों की पूरी रात जागते कटी। बुधवार सुबह पेयजल किल्लत से जूझना पड़ा। राजपुर के मुखर्जी नगर में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर मंगलवार शाम पांच बजे फुंक गया। इससे करीब 50 घरों की बत्ती गुल है। दीपक मिश्रा, रामू कटियार, देवेन्द्र, वीरेंद्र अवस्थी, हर्ष ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक है। इसके चलते ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत की गई है। 24 घंटे बीतने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है। जेई राहुल साहू ने बताया कि वर्कशॉप से ट्रांसफार्मर आने पर बदला जाएगा। इधर सिकंदरा के राजेंद्र नगर में सड़क किनारे लगा 400 केवी ट्रांसफार्मर में मंगलवार रात करीब आठ बजे फुंक गया। इससे 250 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात में ही बिजली कर्मी पहुंचे और ट्रांसफार्मर की खामी दुरुस्त करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। रात 11 बजे लोगों ने ट्रांसफार्मर स्थल पर पहुंच कर हो हल्ला किया। जेई अभिषेक साहू ने समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुखरायां बिजली घर से ट्राॅली ट्रांसफार्मर देर रात दो बजे मंगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया। इसी बीच एलटी लाइन में फाल्ट हो गया तो ट्रॉली ट्रांसफार्मर में भी तकनीकी खराबी आ गई। लोगों की पूरी रात जागते कटी। बुधवार सुबह दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। जेई ने बताया कि जैनपुर वर्कशॉप से दूसरा ट्रांसफार्मर मंगवाया गया है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें