इटावा। गर्मी शुरू होते ही बिजली व्यवस्था धड़ाम होने लगी है। सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे शहर के शास्त्री चौराहे के पास रखे ट्रांसफॉर्मर के तार चिपक आपस में चिपक गए। इससे कुछ मुहल्लों की आपूर्ति बाधित हो गई। विभाग के कर्मचारियों की ओर से आनन-फानन मरम्मत का काम शुरू किया गया, लेकिन बिजली आने में ढाई घंटे का समय लग गया। तब तक लोग बिना कूलर, पंखे व एसी के परेशान रहे। बताया जा रहा है कि बंदरों की उछलकूद के कारण तार आपस में चिपक गए थे।
गुरुतेग बहादुर बिजलीघर से जुड़े माल गोदाम रोड पर स्थित शास्त्री चौराहे के पास में रखे 100 केवी के ट्रांसफॉर्मर में अचानक फाल्ट हो गया। इससे फीडर की मशीन ट्रिप करने लगी। कर्मचारियों ने जांच की तो उक्त ट्रांसफॉर्मर के तार चिपक पाए गए। इसके बाद कर्मचारियों की ओर से तारों की मरम्मत करके लगभग शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल की गई। इस कारण ट्रांसफार्मर से जुड़े लगभग 50 घराें की बिजली गुल हो गई। जेई रतन भूषण ने बताया कि बंदरों की उछलकूद से तार नजदीक होकर चिपक गए। इससे आपूर्ति बाधित हुई थी जिसे शाम तक सही करवा दिया गया।