सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन नंबर के प्लेटफार्म लंबे होंगे। लखनऊ फाटक क्रॉसिंग और हमीरपुर ब्रिज जूही खलवा के पास बंद पड़ी लूप लाइनों को मेन लाइन से जोड़ दिया जाएगा। इससे मरे कंपनी पुल और जूही जीएमसी यार्ड के पास घंटों आउटर पर खड़ी रहने वाली ट्रेनें नहीं रुकेंगी। इस संबंध में इलाहाबाद मंडल के अफसरों ने सेंट्रल के रेलवे अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने लाइनों का निरीक्षण किया। इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
इस टीम ने सेंट्रल के दोनों छोर का निरीक्षण किया। इसके तहत अब लखनऊ फाटक पर दो-दो अप और डाउन लाइनें हो जाएंगी। इससे उस जगह से दो दो ट्रेनें एक साथ आ और जा सकेंगी। प्लेटफार्म जल्दी खाली होंगे और प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ने से ज्यादा बोगियों वाली लंबी ट्रेनों को भी प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन पर खड़ा कराया जा सकेग।
अभी तक पुष्पक एक्सप्रेस जैसी 24 बोगियों वाली लंबी ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर आठ-नौ पर खड़ा कराया जाता है।
इलाहाबाद से आई रेलवे इंजीनियरों की टीम में सीनियर डीओएम अंशू पांडेय, सीओएम डीके वर्मा, डीओएम संजीव व्यास और स्टेशन अधीक्षक आरएनपी त्रिवेदी मौजूद रहे।