औरैया में टूटी पटरी की मरम्मत करते गैंगमैन
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में हुए दो बड़े रेल हादसों के बावजूद भारतीय रेलवे विभाग की नींद नहीं टूट रही है। इसी बाबत बुधवार को एक बार फिर रेलवे की बड़ी चूक सामने आई है। औरैया में टूटी हुई पटरी से कई ट्रेने गुजर जाने के बाद रेलवे कर्मियों का इस ओर ध्यान गया। इसके बाद हड़कंप मच गया। फोन पर फोन किए गए। ट्रैक पर पीछे से आ रही गाड़ियों को रोका गया। लगभग एक घंटे मरम्मत के बाद ट्रैक को फिर से चालू किया गया। शुक्र है कि कोई हादसा नहीं हुआ।
बुधवार सवेरे औरैया के कंचौसी में ट्रैक चैक करने निकली गैंगमैन की टीम की नजर जब ट्रैक के चटके हुए भाग पर पड़ी तो वे हक्का बक्का रह गए। दरअसल, कुछ ही देर पहले उनकी आखों के सामने से उसी ट्रैक से एक मालगाड़ी गुजरी थी।
मालगाड़ी गुजरने के बाद चटकी पटरी पर गैंगमैन की पड़ी नजर
रेल ट्रैक पर जमा गैंगमैन की टीम
- फोटो : अमर उजाला
जब मालगाड़ी गुजर गई तो गैंगमैन टीम के एक सदस्य की नजर चटकी पटरी पर पड़ी। इसके बाद मानो जैसे हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत स्टेशन मास्टर को फोन कर इसकी जानकारी दी। स्टेशन मास्टर ने कंट्रोलर की इत्तला दी।
इसके बाद पीछे से आ रही वैशाली एक्सप्रेस को कंचौसी स्टेशन पर रोका गया। लगभग एक घंटा गैंगमैन ट्रैक की मरम्मत में लगे रहे। इसके बाद ही वैशाली एक्स्प्रेस को वहां से रवाना किया गया। अगर समय रहते ट्रैक पर गैंगमैन की नजर न पड़ी होती तो फिर से कोई बड़ा रेल हादसा हो सकता था।
कानपुर देहात में भी रेलवे ट्रैक चटका मिला
कानपुर देहात में चटकी पटरी बदलते गैंगमैन
- फोटो : अमर उजाला कानपुर
उधर कानपुर देहात के डीघ गांव में भी पटरी चटके होने की सूचना मिली है। अमर उजाला के पत्रकार से बातचीत में गैंगमैन टीम के सदस्य ने बताया रेलवे ट्रैक की मरम्मत होना जरूरी है। इसकी सूचना सीनियर इंजीनियर को दी गई इसके बाद अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक काटकर बदलने का आदेश दिया है। इससे पहले ट्रैक में क्लंप लगाकर ट्रेनों को धीमी गति से निकाला जा रहा था।