प्रशिक्षु सिपाहियों को समझाते अधिकारी।
- फोटो : स्रोत : पुलिस
कानपुर। गोरखपुर में महिला प्रशिक्षुओं के हंगामा करने के बाद अब गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन में भी पुरुष प्रशिक्षु सिपाहियों ने हंगामा कर दिया। बीच में ही दौड़ छोड़कर अव्यवस्था, प्रशिक्षक पर अत्यधिक सख्ती करने और बिना वजह गाली गलौज करने के आरोप लगाए। यहां हाथरस के विक्रम के गश खाकर गिरने के बाद शुरू हुआ हंगामा काफी देर तक चला। अधिकारियों ने शांत कराया।
पुलिस लाइन और ट्रैफिक पुलिस लाइन में नए भर्ती हुए 300-300 सिपाहियों का नौ महीने का प्रशिक्षण चल रहा है। गुरुवार की शाम करीब छह बजे ट्रैफिक पुलिस लाइन में दौड़ हो रही थी। अचानक हाथरस का रहने वाला प्रशिक्षु सिपाही विक्रम गश खाकर गिर गया। साथियों ने उसे किनारे किया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसको कांशीराम अस्पताल भिजवाया।
इसके बाद सभी प्रशिक्षु सिपाही दाैड़ छोड़कर बैठ गए। उन्होंने प्रशिक्षकों के खिलाफ नारेबाजी की। जेसीपी हेडक्वार्टर, एडीसीपी लाइन के पहुंचने पर कहा कि निर्धारित प्रशिक्षण से ज्यादा अभ्यास कराया जा रहा है। यहां सुविधाएं नहीं है। प्रशिक्षु सिपाही गिरकर घायल हो रहे हैं। शिकायत करने पर उनसे गाली गलौज की जा रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त हेडक्वार्टर वीके सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण निर्धारित ही किया जा रहा है। अव्यवस्थाओं, गाली गलौज समेत अन्य आरोपों की जांच के लिए एसीपी लाइन आशुतोष सिंह के निर्देशन में कमेटी का गठन किया गया है। यह दो से तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी।