कानपुर देहात के भाऊपुर रेलवे स्टेशन से खुर्जा के लिए डीएफसी पर संचालित पहली मालगाड़ी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। दिल्ली से हावड़ा तक बिछाए गए नए पूर्वी डीएफसी (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) पर भाऊपुर स्टेशन से खुर्जा के बीच गुरुवार को पहली मालगाड़ी दौड़ी। नया डीएफसी शुरू होने से दिल्ली-हावड़ा रूट पर यात्री ट्रेनों का समय से संचालन हो सकेगा।
भाऊपुर स्टेशन से खुर्जा के बीच 353 किमी लंबाई में पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना रेंज का कार्य पूरा हो गया है। गुरुवार को भाऊपुर रेलवे स्टेशन से पहली बार 60 बोगियों की मालगाड़ी को लोको पायलट सुधीर कुमार त्रिपाठी, सहायक लोको पायलट विजयदीप तिवारी और गार्ड सुनील शर्मा लेकर निकले। भाऊपुर स्टेशन से सुबह 10 बजे मालगाड़ी रवाना हुई। लोको पायलट सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मालगाड़ी को 80 किमी की रफ्तार से चलाया गया। दिल्ली से हावड़ा तक तैयार हो रहे कॉरिडोर के सुचारु होने के बाद यात्री ट्रेनों के समय में सुधार होगा। नए ट्रैक पर सिर्फ मालगाड़ियों का संचालन किया जाएगा। ट्रैक पर अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाई जा सकेगी।